सिद्धार्थनगर। पैमाइश न होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बृहस्पतिवार को तहसील बांसी क्षेत्र के ग्राम सोनखर पहुंचकर मामले का निरीक्षण किया। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि शिकायतकर्ता को करीब डेढ़ वर्ष से प्रकरण के संबंध में स्पष्ट स्थिति नहीं बताई गई।
इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बांसी को संबंधित राजस्व निरीक्षक से स्पष्टीकरण लेने तथा लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता इबारत अली ने आरोप लगाया था कि धारा-24 के तहत पैमाइश नहीं कराई जा रही और लंबे समय से मामला लंबित रखा गया है। जांच में यह भी सामने आया कि खतौनी में शिकायतकर्ता का नाम दर्ज नहीं है। शिकायत अन्य काश्तकारों के गाटों की पैमाइश से संबंधित पाई गई जबकि अन्य काश्तकार पैमाइश कराने के लिए तैयार नहीं हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि विवाद आबादी भूमि से जुड़ा है। उपजिलाधिकारी बांसी को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार निस्तारण कराने और विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। संवाद