सिद्धार्थनगर। महिला थाने पर आयोजित नई किरण जनसुनवाई में रविवार को कुल 35 मामले प्रस्तुत हुए। इसमें एक ही मामले का निस्तारण हो पाया। अन्य मामलों के लिए अगली तारीख तय की गई। इस दौरान गोल्हौरा थाना क्षेत्र की महिला ने पति पर साथ न ले जाने का आरोप लगाया। पति का कहना था कि पत्नी के पास मोबाइल फोन है, जबकि उसने पैसा भी नहीं दिया। विवाहिता का आरोप था कि चार वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। तभी से पति नशे में धुत होकर प्रताड़ित करता था और दस माह पूर्व मृत हालत में बच्ची के जन्म के बाद उसे मायके में छोड़ दिया।
इसके बाद से साथ नहीं ले जा रहा। पति नशे का आदी है। घर वालों से बात करने पर शक करता है। फिर भी उसके साथ जाने के लिए तैयार हूं। टीम के बार-बार समझाने के बाद भी पति साथ ले जाने के लिए राजी नहीं हुआ। उसका कहना था कि जब उसने पत्नी को पैसे दिए नहीं तो उसके पास मोबाइल फोन कहां से आए। वह किसी और से बात करती है, ऐसे में वह साथ नहीं ले जाएगा। थानाघ्यक्ष सुमन त्रिपाठी ने मामले को जांच के लिए भेजा और रिपोर्ट आने बाद कार्रवाई के लिए लड़की के पिता को आश्वासन दिया।
इस दौरान सुलह के आधार पर नगर निवासी शीला वर्मा पत्नी हरिश्चन्द्र एक साथ रहने को राजी हुए। इसमें 20 मामलों में कोई नहीं पहुंचा, 10 मामले में एक ही पक्ष पहुंचा और पांच मामलों में दोनों पक्ष पहुुंचे, लेकिन कोई बात नहीं बनी। इस दौरान एसआई संगीता विश्वकर्मा, विनयकांत मिश्र, समसुल हक, सिपाही नीतू साहनी, सेफाली आदि मौजूद रहे।