सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले भर में
विविध कार्यक्रम हुए। रैली निकली, स्लोगन लिखे गए और मतदाताओं को मताधिकार
के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान युवा मतदाताओं को मतदान करने का संकल्प
दिलाया गया।प्रभारी जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
खजुरिया रोड होते हुए रैली तहसील
परिसर पहुंची। रैली में शामिल विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं हाथों में
आकर्षक स्लोगन लिखी तख्तियां व बैनर लिए हुए थे।
जाति पर न धर्म पर-वोट
हमारा कर्म पर, सारे काम छोड़ दो-सबसे पहले वोट दो आदि नारे लगाते रहे।
तहसील परिसर में हुए कार्यक्रम में प्रभारी डीएम ने छात्र-छात्राओं को
लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को
बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष व निर्भीक होकर मतदान का संकल्प दिलाया।
एडीएम पीके जैन, एसडीएम राजित राम प्रजापति, डीआईओएस रामकृपाल प्रसाद,
सहायक चुनाव अधिकारी शिवमूरत लाल श्रीवास्तव, संजय सहाय आदि शामिल रहे।