संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु व संबद्ध महाविद्यालय में बृहसपतिवार से स्नातक की परीक्षा शुरु हो गई। इसमें कला वर्ग, विज्ञान वर्ग व वाणिज्य वर्ग की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रारंभ हुई हैं। इस बार परीक्षाओं के साथ चुनावी प्रक्रियाएं भी चल रही हैं।
कुल सचिव डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुविधाजनक ढंग से और शुचितापूर्ण ढंग से संचालित कराई जा रही हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है। विशेष रूप से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में इस बार नया प्रयोग किया गया है। परीक्षाएं तीन पाली में संपन्न हो रही हैं। स्नातक स्तर पर सभी परीक्षाएं बहुविकल्पीय हो रही हैं। इसमें दो घंटे के प्रश्न पत्र होते हैं। इसलिए तीन पाली में परीक्षा कराई जाने से कोई भी असुविधा छात्र-छात्राओं को नहीं होगी। 18 अप्रैल से परीक्षा प्रारंभ होकर 15 मई तक संपन्न होगी। अभी परास्नातक एवं वार्षिक परीक्षा की समय सारणी आनी है। उसमें भी प्रयास किया जाएगा कि यथाशीघ्र परीक्षा संपन्न कराई जाए। सभी केंद्र अध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया गया है कि शुचितापूर्ण ढंग से नकलविहीन परीक्षा संपन्न हो । नकल रोकने व उस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विश्वविद्यालय में सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम बनाया गया है। केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर नीता यादव के निर्देशन में परीक्षाएं प्रारंभ हुई। प्रोफेसर नीता यादव ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा में मनोविज्ञान एवं बीकॉम की परीक्षाएं संपन्न हुई। इसी प्रकार समय सारणी के अनुसार द्वितीय और तृतीय पाली की परीक्षाएं भी सकुशल संपन्न हुई है।