कर्मचारी परिषद ने पीएम को भेजा मांगपत्र
जिला अस्पताल में कर्मचारियों ने जताया रोष
पीएम, सीएम को भेजा गया ऑनलाइन मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिला इकाई के तत्वावधान में जिला अस्पताल परिसर में मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने नारेबाजी की। इस दौरान कोरोना कॉल में दिवंगत हुए स्वास्थ्य कर्मियों, अन्य विभागों के कर्मचारियों के परिजनों को शासन से अनुमन्य सहायता देने की मांग की गई। इसके लिए पीएम, सीएम को ऑनलाइन मांगपत्र भेजा गया।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के ओपीडी सभागार में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में कर्मचारी एकत्र हुए। उनका मुद्दा कोरोना कॉल में दिवंगत स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के कर्मियों के परिजनों को शासन से घोषित सहायता का अनुपालन न होने को लेकर था। वक्ताओं ने कहा कि मृत कर्मचारियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण कोष से घोषित 50 लाख रुपये की अनुग्रह धनराशि का अब तक किसी को भुगतान नहीं हो सका है। आश्रिम को नौकरी, पारिवारिक पेंशन और अन्य देयकों का भी भुगतान नहीं किया गया। इसके अलावा डीए और भत्तों की कटौती को भी बहाल नहीं किया गया है। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसो. के जिला मंत्री गोविंद प्रसाद ओझा ने कहा कि घोषणा के बाद भी दिवंगत कर्मियों के परिवार को 50 लाख का अनुग्रह राशि नहीं मिलने से सरकार की किरकिरी हो रही है। अंत में ऑनलाइन के माध्यम से दो बिंदुओं से संबंधित मांगपत्र पीएम, सीएम को भेजने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर प्रमोद मिश्रा, उमेश पांडेय, राजीव कर पाठक, एके द्विवेदी, शिवपूजन मणि त्रिपाठी, शमसुल हक खां, मनमोहन पांडेय, आरके सिंहानिया, जेपी चौधरी आदि उपस्थित थे।