धर्मसिंहवा में सिलिंडर लदी गाड़ी को घेरे लोग। संवाद
संततबीरनगर/ मेंहदावल। रसोई गैस की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। लोगों को एजेंसियों पर पहुंचने के बाद भी निराशा हाथ लग रही है। मेंहदावल में स्थित गैस एजेंसी पर रविवार को उपभोक्ताओं की भी लोग पहुंचे, हालांकि बाकी दिनों की अपेक्षा भीड़ काफी कम रही, जिससे गैस सिलिंडर वितरण करने में कर्मियों को आसानी रही।
शिवांशु गैस सर्विस मेंहदावल के कर्मचारियों के लिए रविवार को गैस सिलिंडर वितरण में काफी राहत रहा। गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ता गैस एजेंसी पर पहुंचे जरूर लेकिन आपूर्ति के सापेक्ष उनकी भीड़ काफी कम रही। इसके कारण बुकिंग तथा ओटीपी धारक उपभोक्ताओं को आसानी से गैस सिलिंडर मिल गया। बिना शोर शराबे के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया।
नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा भी गैस एजेंसी ने रविवार से शुरू कर दी। कर्मचारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की भीड़ गैस एजेंसी पर एकत्रित न हो तो गैस सिलिंडर वितरण करने में कोई परेशानी नहीं होगी। जब सुबह से ही उपभोक्ता गैस एजेंसी पर पहुंचकर शोर मचाने लगते हैं तो वितरण में काफी दिक्कत होती है, लेकिन रविवार को भीड़ में कमी होने के कारण काफी आसानी के साथ गैस एजेंसी पर आए उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया तथा होम डिलीवरी के लिए वाहनों से गैस सिलेंडर भी कर्मचारियों के माध्यम से भेजे गए।
रविवार को गैस एजेंसी पर 850 गैस सिलेंडर वितरण के लिए पहुंचा था लेकिन उपभोक्ताओं की भीड़ आपूर्ति के सापेक्ष काफी कम थी जिससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के साथ ही ग्रामीण तथा नगर क्षेत्र में होम डिलीवरी के लिए गैस सिलिंडर वितरण के लिए भेजा गया। वहीं दूसरी ओर नाथनगगर, हैंसर व तिघरा में गैस के लिए लोग परेशान रहे।