गर्मी में बिजली गुल होने से 40 हजार की आबादी प्रभावित
ढेबरुआ उपकेंद्र के परसा फीडर से बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। गर्मी में ढेबरुआ उपकेंद्र के परसा फीडर पर तीन दिनों से बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं। उपकेंद्र के परसा फीडर से जुड़े लगभग 30 गांवों की 40 हजार आबादी प्रभावित हो रही है।
मई शुरू होने के साथ ही गर्मी बढ़ी तो इसका असर बिजली व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। अभी तक गेहूं की फसल का हवाला देकर करीब 20 मार्च से ही दिन में बिजली काट दी जाती थी। 30 अप्रैल तक क्षेत्र के सभी गांवों में फसल कट गए। फिर भी दिन में बिजली बाधित हो रही है। शाम को करीब साढ़े सात व आठ बजे बिजली मिलती है। इसी क्रम में बुधवार की सुबह नौ बजे के बाद परसा फीडर क्षेत्र के रोमनदेई, चंपापुर, बसहिया, रामगढ़, नौडिहवा, लक्ष्मीनगर, कोहरौड़ा, खड़कुइया नानकार, इमिलिया जुनुवी, बनरही, बैदौली, खैरा, धनौरा काशी प्रसाद, कोटिया दीगर, बेलभारिया, नंदवालिया, प्रतापपुर, बालानगर, इटहिया, कचरिहवा, महदेइया आदि गांवों में बृहस्पतिवार को दिन में पांच बजे तक बिजली नहीं आई। इससे लोग गर्मी में हलकान हो रहे है।
सिंचाई विभाग का कार्य होने के दौरान जेसीबी मशीन से पोल टूट गया है, जानकारी है, सही करवाया जा रहा है, देर शाम तक बिजली बहाल कर दी जाएगी।
-आरके कुशवाहा, एक्सईएन