संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़नी। गर्मी शुरू होते ही कस्बे में बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। जैसे-जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है, अघोषित बिजली कटौती बढ़ती जा रही। इस उमस भरी गर्मी में बिजली कटने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बेतहाशा बिजली कटौती से इस उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। लोगों को गर्मी में कहीं भी आराम नहीं मिल रहा है। अंदर रहें तो गर्मी से बेहाल, बाहर रहें तो लू लगने का डर। बिजली कितनी देर गुल रहेगी कोई नहीं जानता। जब थोड़ी देर के लिए बिजली आती है, तो लोग राहत महसूस करते हैं और अचानक बिजली चली जाती है। दोपहर कस्बे में बिजली सप्लाई बाधित रही। जानकारी करने पर पता चला की मेन सप्लाई बाधित है। इस संबंध में अवर अभियंता लालू प्रसाद यादव ने बताया कि तेज हवा चलने पर और लोकल फाल्ट होने पर सप्लाई बाधित रहती है। अधिक से अधिक बिजली सप्लाई करने की कोशिश की जाती है।