बिजली कटौती ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत
- रोस्टिंग के नाम पर हो रही तीन से चार घंटे की कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। विद्युत निगम की ओर से अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। रोस्टिंग के नाम पर चार से पांच घंटे की कटौती की जा रही है। रात्रिकालीन बिजली कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
तहसील क्षेत्र में लागू 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल बेमतलब साबित हो रहा है। बमुश्किल 10 से 12 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में इस समय 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का शेड्यूल लागू है। जिसके तहत शाम 5:45 से सुबह नौ बजे तक तथा दोपहर में 12:15 से दोपहर 2:45 तक बिजली आपूर्ति का शेड्यूल विभाग द्वारा लागू किया गया है। लेकिन लोगों को 10 से 12 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। इससे लोगों को दिक्कतें हो रही है। क्षेत्र के फरमान अल्वी, इंजीनियर इमरान लतीफ, विशाल सोनी, कैलाश सोनी, पप्पू गुप्ता, असगर जेम्स, सर्वेश शुक्ल आदि ने विद्युत कटौती पर अंकुश लगाए जाने और शेड्यूल के तहत बिजली सप्लाई दिए जाने की मांग शासन प्रशासन से की है।