लोटन। कोतवाली क्षेत्र के ठोठरी बाजार में बृहस्पतिवार की शाम मूर्ति विसर्जन में जा रहा एक डीजे लदा पिकअप हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। इससे पिकअप सवार नाै मासूम समेत 10 लोग झुलस गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचे डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, ठोठरी गांव के नौ बालक और किशोर दुर्गा पूजा विसर्जन के लिए एक पिकअप पर डीजे सजाकर गांव में जा रहे थे। अभी प्राइमरी स्कूल के पास पहुंचे थे कि नीचे तार लटकने के कारण पिकअप की बाड़ी स्पर्श हो गया, जिससे पूरी गाड़ी में करंट उतरने से लोग झुलसने लगे।
किसी तरह ग्रामीणों ने पिकअप को तार से छुड़ाया। तब जाकर जान बच पाई। इसके बावजूद घटना में पवन कुमार (13) पुत्र विनोद, भगाने पासवान (11) पुत्र रोहित, पंकज गुप्ता (8) पुत्र बिहारी, आदित्य कसौधन (17) पुत्र सुनील, प्रियान्शु (13) पुत्र बजरंगी, सुधीर पासवान (10) पुत्र रामचंद्र अंगद पासवान (7) पुत्र विरेन्द्र, सनी गौंड (15) पुत्र राकेश, अंकुश पासवान (5) निवासी ठोठरी बाजार व करमैनी निवासी गोलू पांडेय (18) सहित 10 लोग झुलस गए।
घटना के बाद मौजूद लोगों ने निजी वाहन से सभी लोगों को सीएचसी लोटन ले आए। जहां सभी का उपचार हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम डॉ. राजा गणपति आर भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। इसमें दो की हालत गंभीर थी।
इसकी जानकारी मिलने पर विधायक श्याम धनी राही व सीएमओ आरके चौरसिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उपचार शुरू हुआ। इस संबंध में थानाध्यक्ष लोटन डीके सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर जो लोग अस्पताल लाने से बच गए थे उनको तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया गया।