मतगणना के बाद विवादों का दौर शुरू हो गया है। इटवा थाना क्षेत्र के जलकरी उर्फ खजुहा गांव में एक दलित परिवार ने चुनावी विवाद में मारपीट और झोपड़ी जलाने का आरोप लगाया है।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। घटना रविवार की देर रात की है। गांव के सुग्गन ने थाने में दी गई तहरीर में बताया है कि मतगणना के बाद रविवार रात एक पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे और मारपीट करने लगे। परिजनों संग गाली-गलौच भी किया।
तोड़फोड़ के बाद घर में आग लगा दी। किसी तरह भागकर जान बचाई। आग से घर में रखा नकदी, कपड़ा, बिस्तर और चारपाई समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। इस मामले में इटवा थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामला संदेहास्पद लग रहा है। फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है, जो भी जिम्मेदार होगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।