सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव निवासी श्यामराज (65) शनिवार को भिटिया चौराहे के पास सामान खरीदने गए थे। लौटते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए पीएचसी ले गए, जहां से हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां स्थिति गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाकर परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया है। गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तेलियाडीह गांव निवासी श्यामराज शनिवार शाम साइकिल से भिटिया चौराहे पर सामान खरीदने गए थे। खरीदारी के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटवा-बांसी मार्ग पर भिटिया चौराहे से कुछ दूरी पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से परिजन उन्हें तत्काल खुनियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा दिया गया। गोरखपुर में रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। गोरखपुर में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थानाध्यक्ष गोल्हौरा रामदेव ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।