-डुमरियागंज क्षेत्र के हल्लौर में हजरत अली की ताजपोशी की याद में निकला हैदरी जुलूस, पटाखे छोड़ कर और लंगर आयोजित कर मनाई खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। इमाम हजरत अली की ताजपोशी (ईदे गदीर) का कार्यक्रम रविवार को डुमरियागंज क्षेत्र के शिया बाहुल्य कस्बा हल्लौर में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर हजरत अली के अनुयायियों ने महफिल मिलाद का आयोजन कर और जुलूस निकालकर तथा पटाखे छोड़कर, मिठाई और खाद सामग्री का पैकेट वितरित कर खुशी का इजहार किया।
जश्ने ईदे गदीर को लेकर हल्लौर में महफिल- मिलाद, लंगर का सिलसिला शनिवार की रात से ही शुरू हो गया। हल्लौर स्थित कर्बला, बड़ा इमामबाड़ा तथा जामा मस्जिद पर महफिल आयोजित हुई। लोगों ने घरों में रोशनी करके नियाज और लंगर किया। रविवार की सुबह जामा मस्जिद में काजिम करबलाई ने महफिल आयोजित की। इसमें स्थानीय शायरों ने हजरत अली की शान में कलाम और कसीदा पेश किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक ने लोगों में मिष्ठान और बच्चों में खाद सामग्री का पैकेट आदि वितरित किए।
सेठ बाबा के इमामबाड़े में मंजर इमाम ने लंगर आयोजित कर महफिल की। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए दोपहर 3:30 बजे जुलूस ए हैदरी जामा मस्जिद से निकाला गया। जो कस्बे से होता हुआ डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर सेंट थॉमस नहर पुल होते हुए पूर्वांचल बैंक के निकट पहुंचकर महफिल में तब्दील हो गया। जुलूस में बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन सवार शामिल रहे।
कार्यक्रम में हसन जमाल, हानी, आले रजा, खुलूस, कायनात, लकी हल्लौरी, मंजर मास्टर, फैजी,आलम हल्लौरी, हैदरे कर्रार, कामयाब आदि ने कलाम कसीदा पेश किया। मौलाना शहकार हुसैन जैदी, मौलाना महफूज, जाकिर जमाल हैदर, अजीम हैदर, काजिम करबलाई मौजूद रहे।