शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ। पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आलोक सिंह ने गुरुवार को शोहरतगढ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्टेशन की व्यवस्थाओं पर असंतुष्ट दिखे। खामियों को अतिशीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश मातहतों को दिया।
डीआरएम ने स्टेशन परिसर, कैंटीन, शौचालय, पेयजल, टिकट घर, कर्मचारी आवास आदि का गहनता से निरीक्षण किया। स्टेशन परिसर पर लगी टोटी से पानी नहीं निकलने पर जिम्मेदारों से जवाब तलब किया। पंप खराब होने से स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था ठप रही। आवासों में गंदगी देख डीआरएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने 10 फरवरी के अंदर सारी कमियों को सही करने का निर्देश दिया।
स्टेशन परिसर के बाहर गंदगी, अगल-बगल बह रहे गंदा पानी को रोकने, वाटर कूलर व पेयजल की टोटी के पास साफ-सफाई व टायल्स लगवाने का निर्देश दिया। इस दौरान सीनियर डीसीएम नीलिमा सिंह, सीनियर डीओएम स्वदेश सिंह, सीनियर डीएन कोआर्डिनेशन जितेंद्र कुमार, पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर सफदर हुसैन, श्रवण कुमार आदि मौजूद रहे।