खुनुवां। नेपाल के सीमावर्ती कपिलवस्तु जिले में शुक्रवार सुबह ओवरटेक करने के दौरान बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक और टिप्पर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:10 बजे शिवराज नगरपालिका-1 के चोरखोला स्थित पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर पश्चिम से पूर्व दिशा में जा रहा ट्रक इसी दिशा में जा रहे टिप्पर को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान काठमांडू से बर्दिया जा रही बस से ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक बांके जिले के खजुरा गांवपालिका-5 निवासी 34 वर्षीय सुमन खत्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक मोरंग जिले के कानेपोखरी गांवपालिका-2 निवासी 24 वर्षीय रुपेश धिमाल और टिप्पर चालक कपिलवस्तु के बुद्धभूमि नगरपालिका-9 निवासी 31 वर्षीय संजय कुमार चौधरी को हिरासत में लिया है।
घायलों में सल्यान की पार्वती बोहरा (35), बांके नेपालगंज के सुसान्त श्रेष्ठ (14), दांग के रिसमान थारू (34), बांके गुलरिया के विष्णु थारू (21), मुगु के अरुण बुढाथोकी (17), बांके के सागर थारू (19), तिलकुमारी खत्री (30), दांग की सम्झना चुदारा (21), जाजरकोट के दीपेन्द्र गिरी (41), बांके के कृष्ण बहादुर भंडारी (40) और कोहलपुर के गगन चुनारा (45) शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, घायलों के हाथ, पैर, सिर, माथे, होंठ और आंख के आसपास चोटें आई हैं। सभी की हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।