शहर के साड़ी तिराहे पर बिना हेलमेट आवागमन करती पुलिस। संवाद
सिद्धार्थनगर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ हो रहे हादसों से भी वाहन चालक लापरवाह बने हुए हैं। बीते दो दिन में ही सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो चुकी है और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अमर उजाला ने मंगलवार दोपहर शहर के प्रमुख चौराहों पर का जायजा लिया तो सामने आया कि हादसों के बावजूद 80 फीसदी वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए न तो हेलमेट लगा रहे हैं और न ही सीट बेल्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
दोपहर 12:21 से 12:35 बजे के बीच हाइडिल तिराहा
तिराहे से होकर बिना हेलमेट लगाए गुजरने वाले नौ बाइकों पर तीन सवारियां बैठी थीं। 16 बाइकों पर बिना हेलमेट दो सवारियां गुजरीं। वहीं हेलमेट लगाकर गुजरने वाले सात बाइक पर भी तीन सवारियां थीं। जबकि 23 बाइक सवार हेलमेट लगाए दो सवारियां गुजरी।
दोपहर 12:46 से 12:59 बजे साड़ी तिराहा से बिना हेलमेट लगाए तीन सवारियों वाले 11 बाइक सवार गुजरे। बिना हेलमेट के ही 18 बाइक पर दो सवारियां रहीं। हेलमेट लगाकर छह बाइक पर तीन सवारियां गुजरी। वहीं 21 बाइक सवार हेलमेट लगाए दो सवारी के साथ गुजरे।
दोपहर 1:12 से 1: 25 बजे तक बांसी तिराहा से बिना हेलमेट लगाए तीन सवारियों वाली नौ बाइकें गुजरी, बिना हेलमेट के ही दो सवारियों वाली 16 बाइक गुजरी। हेलमेट लगाने के बावजूद तीन सवारियां बिठाए आठ बाइक सवार गुजरे। जबकि हेलमेट लगाकर दो सवारियों वाली बाइक की तादाद 19 रही।
दोपहर 1:33 से 1:45 बजे तक सिद्धार्थ तिराहा से बिना हेलमेट तीन सवारी के साथ गुजरने वाली नौ बाइकें रहीं, बिना हेलमेट के ही दो सवारियों के साथ 17 बाइकें गुजरीं। हेलमेट लगाकर तीन सवारियों के साथ 11 बाइक गुजरीं, जबकि हेलमेट लगाकर दो सवारियों से गुजरने वाले बाइकों की तादाद 23 रही।