आरसी पेंडिंग होने पर डीएम ने जताई नाराजगी
सिद्धार्थनगर। एआरटीओ कार्यालय के निरीक्षण में आरसी पेंडिंग होने पर डीएम दीपक मीणा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अब कोई भी कार्य मैनुअल नहीं होने हैं, इसलिए लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एआरटीओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान फर्श टूटी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शासन को प्रस्ताव भेजने और कार्यालय में लगे लाउडस्पीकर को बाहर लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने पंजीयन कक्ष, सर्वर रूम, परीक्षा कक्ष, हस्ताक्षर अनुभाग के साथ पूरे परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एआरटीओ को निर्देश दिया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। अब कोई पत्रावली मैनुअल नहीं होनी चाहिए। इसके बाद भी पिछले कई माह से आरसी पेंडिंग होने पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि भवष्यि में ऐसी पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने पत्रावलियों को ठीक से रखने तथा साफ-सफाई व्यवस्था ठीक कराने का निर्देश दिया। इस दौरान एडीएम सीताराम गुप्ता, एसडीएम नौगढ़ विकास कश्यप, सीओ सदर प्रदीप कुमार यादव आदि मौजूद रहे। वहीं आरटीओ कार्यालय में डीएम दीपक मीणा ने वाहन एजेंसियों के डीलरों की समस्याएं सुनीं। डीलरों ने बताया कि सभी का डिजिटल सिग्नेचर बन गया है। ई-रिक्शा के डीलरों ने बताया कि अधिकांश ग्राहक को बैंक से ऋण न मिलने के कारण ई-रिक्शा नहीं ले पाते हैं। डीएम ने ई-रिक्शा के डीलरों को निर्देश दिया कि ग्राहकों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, जिससे उन्हें बैंक से ऋण लेने में कोई परेशानी न हो। डीएम ने डीलरों को बताया कि शासन द्वारा सभी कार्य ऑनलाइन कर दिए गए हैं, अब यहां आने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन एके शुक्ल, प्रवर्तन पीके सरोज आदि मौजूद रहे।