सिद्धार्थनगर। नौगढ़-बांसी मार्ग पर बांसी कोतवाली अंतर्गत सोनखर गांव के पास शुक्रवार सुबह डीजे सेट लदा वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवार को रौंदते हुए सवारियों से भरी टेंपो से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। वहीं टेंपो सवार पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीजे सेट लदा वाहन को लेकर चालक फरार हो गया।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के डड़िया गांव निवासी उदय नरायन (38) परिवार के सदस्यों के साथ भनवापुर में रिश्तेदार के यहां गुरुवार को शादी में शामिल होने के लिए गांव के ही विजय (22) के टेंपो से गया था। शुक्रवार को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह घर लौट रहा था। बांसी-नौगढ़ मार्ग पर सोनखर गांव के पास बांसी से बाइक से लौट रहे गांव के ही रामबहोर (25) और दुर्गेश कुमार (22) भी मिल गए और टेंपो के साथ चलने लगे। इसी दौरान नौगढ़ की ओर से आ रही डीजे सेट लदी पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे बाइक सवार को रौंदते हुए पिकअप टेंपो में भिड़ गई।
इससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेपों सवार हरेंद्र (5) व पंकज (6) पुत्र उदय नरायन, चालक विजय कुमार और राजेश (42) जख्मी हो गए। वहीं बाइक सवार दुर्गेश कुमार ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहे रामबहोर का पैर टूट गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से जख्मी रामबहोर व उदय नारायण को जिला अस्पताल पहुंचाया। मामूली रूप से जख्मी अन्य को बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिकअप को पुलिस नहीं पकड़ सकी। बांसी कोतवाली प्रभारी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के परिवार वालों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है।