सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में डीएम ने जिला स्तरीय टीम बनाकर पुराने मामलों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कुल 61 मामले आए, जिसमें डीएम ने सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।
समाधान दिवस में राजस्व से जुड़े 32, पुलिस विभाग से आठ, विकास से तीन व अन्य 18 प्रार्थना पत्र आए थे। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की उपस्थिति में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों के शिकायतों की सुनवाई की।
डीएम ने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिए कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना लें। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए ईवीएम, वीवी पैट डमी वोट डालकर निरीक्षण किया।
इस अवसर पर डीएफओ पुष्प कुमार के, डीसीएनआरएलएम योगेंद्र लाल भारती, उप कृषि निदेशक अरविन्द कुमार विश्वकर्मा, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, तहसीलदार व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।