सिद्धार्थनगर। जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने मंगलवार को जिला कारागार सिद्धार्थनगर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान भोजनालय, बैरकों और बंदियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कारागार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि कारागार के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न करने पाए। साथ ही जेल में आने वाले प्रत्येक नए बंदी का चिकित्सकों से अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को नियमित रूप से कारागार का निरीक्षण करने, निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और समय-समय पर उनकी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।