जिले को मिला 41500 कोरोनारोधी टीका
लखनऊ से 31400, गोरखपुर से 10 हजार टीका मिला
हर दिन 15 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना टीकाकरण अभियान एक बार फिर तेजी पकड़ने जा रही है। तीन दिनों के लिए जिले को 41,500 वैक्सीन का डोज उपलब्ध कराया गया है। इनमें लखनऊ से 31400 और गोरखपुर से 10 हजार डोज शामिल हैं। ऑनलाइन पंजीयन की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है।
बीते सप्ताह अचानक कोरोना वैक्सीन की कमी के कारण पूरे प्रदेश में टीकाकरण ठप हो गया था। इतना ही नहीं इस बीच प्रतिदिन 15 हजार के सापेक्ष लगभग छह हजार ही डोज उपलब्ध कराए जा रहे थे। इस सप्ताह में सोमवार से कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों के लिए अच्छी खबर है। 15 हजार प्रतिदिन के हिसाब से 41,400 टीका उपलब्ध कराया गया हैं, इनमें 31,400 लखनऊ और 10 हजार गोरखपुर से मिला है। विभाग के पास शनिवार को प्राप्त 18 हजार के सापेक्ष 14,688 टीका लगा था। लिहाजा उसमें शेष 3312 डोज के साथ तीन दिनों के लिए 45 हजार की उपलब्धता है।
अब ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य नहीं
पहली जुलाई से कोरोना वैक्सीन डोज लगवाने में ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्यता को खत्म कर दी गई है। पहले 18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य थी। जिला वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर अनुराग शुक्ल ने बताया कि जहां एक बूथ बनाए गए हैं, वहां 18 से अधिक किसी भी उम्र के लोग वैक्सीन लगवा सकते हैं।
कोरोना टीकाकरण सत्र का कार्य तेज हो गया है। पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन डोज मिलने लगी है। टीकाकरण के लिए बूथों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। प्रतिदिन 15 हजार लक्ष्य के सापेक्ष तीन दिन के लिए 45 हजार टीके उपलब्ध हैं। आगे के लिए भी आवश्यकतानुसार टीका वैक्सीन उपलब्धता होने की उम्मीद है।
- डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ