मुख्यमंत्री द्वारा चिन्हित विकास प्राथमिकता कार्यक्रम से संबंधित नवीन 86 बिंदुओं के तहत माह जून तक संपादित कार्यों की मासिक प्रगति समीक्षा बैठक डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान अनुपस्थित जिला गन्ना अधिकारी के एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
विकास भवन सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, कार्यदाई विभागों के अधिशासी अभियंताओं व प्रोजेक्ट मैनेजरों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में प्रगति लाएं। विभागवार समीक्षा करते हुए डीएम ने पशुपालन विभाग के कामधेनु योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के पेंच कसे।
उन्होंने एक माह के भीतर सुधार न होने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्ट देने की चेतावनी दी। इसके अलावा विद्युतीकरण, ट्रांसफार्मरों को बदलने व कौशल विकास मिशन योजना में तेजी लाने को कहा। डीएम ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत निशुल्क पुस्तकों के वितरण के लिए बीएसए अरविंद कुमार पाठक को धनराशि आवंटन के लिए पत्र लिखने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए, लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। सीडीओ अखिलेश तिवारी ने कहा कि शासन से निर्धारित विकास कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है और सभी जिला स्तरीय अधिकारियों इस कार्य को पूरी गंभीरता से संपादित करें।
इस दौरान एडीएम पीके जैन, सीएमओ डॉ. राजेंद्र कपूर, पीडी डीपी सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीएसटीओ राजेश कुमार सिंह, डीएसओ देवमणि मिश्रा, बीएसए अरविंद कुमार पाठक, डीडीएजी डॉ. राजीव कुमार, डीएओ एसएन चौधरी आदि मौजूद रहे।