- सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में बनेगी मॉडल लाइब्रेरी और मिलेगी बेहतर कनेक्टिवटी की सुविधा
- लगभग दो करोड़ की लागत से बनायी जाएगी लाइब्रेरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें डिजिटल पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय में मॉडल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इस पर लगभग दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से संबोधन करके डिजिटल लाइब्रेरी का प्रस्ताव बनाकर भेजने की बात कही है। लाइब्रेरी के बनने से विद्यार्थियों को सहूलियत मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जल्द ही कागजी कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।
नेपाल सीमा पर स्थित सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से छह जिलों के महाविद्यालय संबद्ध है। बीएससी, बीएए, एमबीए सहित कई कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसमें बड़ी संख्या में भारत और नेपाल के विद्यार्थी कैंपस में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। विश्वविद्यालय में लगातार शैक्षिक सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अब विश्वविद्यालय में डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा देने की ओर कदम बढ़ाया जाएगा।
पहले चरण में डिजिटल कोर्स शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिस पर काम चल रहा है, अब विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा मुहैया कराने के लिए डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। यह एक मॉडल लाइब्रेरी होगी, जिसमें बैठने की बेहतर व्यवस्था, इंटरनेट की सुविधा और डिजिटल प्लेटफार्म पर विश्वविद्यालय सहित अन्य पढ़ाई से संबंध नोट और लेक्चर अपडेट रहेगा।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से संबोधित करके कहा कि विवि में बेहतर शिक्षा का माहौल हो इसके लिए हर सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। 100 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की ओर से डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव भेजा जाए, कम से कम डेढ़ से दो करोड़ रुपये मिल जाएगा। इसके बनने से यहां पढ़ने वाले छात्राओं को बेहतर लाभ मिल सके। अब विवि की ओर से इस पर कागजी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। लाईब्रेरी में कौन सी सुविधाएं होगी, इसका खाका तैयार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द ही पत्राच्चार होगा।
प्रो. कविता शाह, कुलपति, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु