मेंहदावल। नगर क्षेत्र के एक पंप पर डीजल-पेट्रोल दो दिनों से नहीं है। इसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। दो दिन से पंप पूरी तरह से बंद हैं।
बुधवार को नगर के चार पेट्रोल पंपों पर डीजल तथा पेट्रोल होने की सूचना मिली, लेकिन बाईपास मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल तथा पेट्रोल दो दिन से नहीं पहुंचा है। पहले भी ग्रामीण क्षेत्र के एक पंप पर हफ्तों से डीजल तथा पेट्रोल न होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हालत यह है कि प्रशासनिक दावों के बाद डीजल तथा पेट्रोल को लेकर स्थिति सामान्य नहीं हो पा रही है। शादी का मौसम चल रहा है इसमें तेल की खपत और बढ़ गई है।
कुछ दिन बाद धान की बुवाई शुरू हो जाएगी, जिससे डीजल की मांग और बढ़ जाएगी। हालात ऐसे ही रहे तो किसानों को भी डीजल के लिए कड़ी में मशक्कत करनी पड़ेगी।
रसोई गैस सिलिंडर न मिलने से उपभोक्ता परेशान
मेंहदावल। रसोई गैस सिलिंडर की कमी से एजेंसी और उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। उपभोक्ताओं की भीड़ इतनी हो जा रही है कि जो सिलिंडर वितरण के लिए आ रहे हैं, वह भी कम पड़ जा रहे हैं। बुधवार को शिवांशु गैस सर्विस मेंहदावल पर लगभग 800 गैस सिलिंडर वितरण के लिए पहुंचा। उपभोक्ताओं की भीड़ करीब 1500 के थी। कई उपभोक्ता बिना गैस सिलिंडर के ही लौट गए। प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से उपभोक्ताओं की भीड़ गैस एजेंसी पर लग रही है। बुकिंग के बाद भी काम गैस सिलिंडर की आपूर्ति के कारण सिलिंडर मिलने में परेशानी हो रही है। उपभोक्ता लक्ष्मण अजय गुप्ता बृजेश श्रीवास्तव मनोज अग्रहरि पिंटू आदि लोगों का कहना है कि गैस सिलिंडर न मिलने से परेशानी हो रही है। भोजन बनाने के लिए लकड़ी का प्रयोग करना पड़ रहा है। संवाद