प्रशासन के खिलाफ धरने पर पूर्व विधायक
विभिन्न मांगों के समर्थन में धरने पर बैठक पूर्व विधायक
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी। ब्लॉक क्षेत्र के एक प्रधान को फर्जी मुकदमे में जेल भेजने, एसडीएम, कोतवाल पर मनमानी करने और प्रवासी मजदूरों को सरकार की ओर से घोषणा की गई योजनाओं का लाभ नहीं देने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक लालजी यादव बांसी तहसील में धरने पर बैठ गए। उनके साथ सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता भी धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक लालजी यादव ने कहा कि तहसील प्रशासन, पुलिस मनमानी कर रही है। गरीबों, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को को परेशान किया जा रहा है। इनकी कार्यशैली का विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमे में जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी प्रवासी श्रमिकों को दिए जाने वाली राहत सामग्री, रोजगार सहित अन्य योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मो. इद्रीश पटवारी, चमन आरा राईनी, अंबिकेश श्रीवास्तव, अमित बक्शी, धीरू यादव, रामदेव निषाद, गंगा यादव आदि शामिल रहे।
शाम को धरना स्थगित
पूर्व विधायक ने कहा कि कानपुर में हुई घटना से मन काफी द्रवित हो गया है। इस लिए धरने को स्थगित किया जा रहा है। कुछ दिनों बाद इन अधिकारियों के मनमानी के खिलाफ व श्रमिकों को न्याय दिलाने के लिए धरना दिया जाएगा। इस दौरान कानपुर की घटना पर दुख व्यक्त किया। साथ ही शहीद हुए पुलिस कर्मियों को एक करोड़, घायलों को 50 लाख रुपये और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग की गई।