सिद्धार्थनगर। दो बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटी बसपा ने संगठन को धार देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। कैडर कैंप के माध्यम से कार्यकर्ताओं को दायित्व बोध कराते हुए पार्टी सुप्रीमो को प्रदेश की सत्ता पर बिठाने के संकल्प को पूरा करने के लिए कमर कस कर जुटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शनिवार को नगर के विकास भवन के समीप स्थित एक पैलेस में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र का कैडर कैंप आयोजित हुआ। इसमें जोनल प्रभारी कल्पनाथ बाबू व मंडल कोआर्डिनेटर राममिलन भारती शामिल हुए।
पार्टी नेताओं ने समाज में दलितों की पुरानी स्थिति का जिक्र करते बाबा साहब के संघर्षों को बताया। कहा कि अपनी प्रतिभा के बल पर एक दलित बालक ने समाज में अमिट पहचान बनाई। वर्षों से उपेक्षित इस वर्ग में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। इस वर्ग को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
यह तभी होगा, जब प्रदेश में बसपा की सरकार आएगी। मौजूदा समय में शासन-सत्ता मनुवादियों के हाथों में हैं। इसे उखाड़ फेंकने के लिए दलित, पिछड़े समाज को एकजुट होना होगा। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार को दलित विरोधी करार दिया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मो.जमील सिद्दीकी, कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भगवान दास, जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद उमर आदि मौजूद रहे।
डुमरियागंज। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के जबजौवा स्थित अब्दुल कलाम आजाद डिग्री कॉलेज में शनिवार को बसपा के एक दिवसीय कैडर कैंप का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर व पूर्व संसदीय कार्य मंत्री लालजी वर्मा व विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय कुमार गौतम शामिल हुए।
कैडर कैंप में पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में सूबे की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हर तरफ लूट-खसोट व भ्रष्टाचार का माहौल है। जनता केंद्र व प्रदेश दोनों सरकारों से त्रस्त है। लोगों को आज फिर पूर्ववर्ती बसपा सरकार की याद आ रही है। जब प्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बसपा सुप्रीमो मायावती रहती हैं तो प्रदेश की कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहती है। अपराधियों व गुंडों पर अंकुश लगा रहता है।
संजय गौतम ने कहा कि बसपा में संगठन का बहुत महत्व है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अभी से ही चुनावी तैयारी में जुटने की अपील की। कहा कि मौजूदा सपा सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है। चुनाव बाद बसपा की सरकार बननी तय है। डुमरियागंज की बसपा प्रभारी सैय्यदा खातून ने कहा कि जनता मौजूदा सपा सरकार के जनविरोधी नीतियों और बदले की भावना से किए जा रहे मनमानी से ऊब चुकी है और समय के इंतजार में बैठी हैै।
कैडर कैंप की अध्यक्षता अध्यक्षता बसपा जिलाध्यक्ष शेखर आजाद व संचालन डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष बसपा बच्चाराम बौद्ध ने किया। कार्यक्रम में नावेद रिजवी, अकबाल अहमद, अयूब अहमद उर्फ चिन्ने, जेड मलिक, मिस्त्रीलाल गौतम, सुंदर पति पांडेय, मलिक जमीरुद्दीन, सूर्यनाथ सिंह, मेवालाल चौधरी, मदन चौधरी, शब्लू, काजी शहंशाह, तैय्यब अली खान, अब्दुल सलाम, वीरेंद्र कुमार, सूर्यप्रकाश उपाध्याय, मदन चौधरी, मनीष सिंह, चंद्रप्रकाश, प्रकाश गौतम, मारूफ मलिक, शाहफहद मलिक, मजीबुल्लाह आदि मौजूद रहे।