सिद्धार्थनगर। मौसम में बदलाव के साथ सुबह के समय घना कोहरा छाने लगा है। हवा में नमी और प्रदूषण के सूक्ष्म कणों के कारण सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
खासकर अस्थमा, सीओपीडी और एलर्जी के मरीजों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, सीने में जकड़न और घरघराहट की समस्या हो सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सांस के मरीजों को सुबह की सैर और खुले में व्यायाम से परहेज करने की सलाह दी है। जरूरी काम से बाहर निकलने पर एन-95 मास्क लगाने को कहा है।
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पिछले 24 घंटे में सांस संबंधी परेशानी के करीब 15 से 18 मरीज पहुंचे। वहीं, फिजिशियन और मेडिसिन विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 15 से 20 मरीज ऐसे आ रहे हैं।
सुबह के समय बढ़ जाती है परेशानी : स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. सीबी चौधरी ने बताया कि सुबह और देर रात तापमान कम होने से वातावरण में नमी बढ़ जाती है। हवा की गति कम रहने के कारण धूल, धुआं और प्रदूषण के सूक्ष्म कण निचली सतह पर जमा हो जाते हैं। कोहरे के साथ मिलकर ये कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचते हैं और सांस की नलियों में सूजन व सिकुड़न पैदा कर सकते हैं।