- बढ़या-कठेला मार्ग को जाम किया, नायब तहसीलदार के आश्वासन पर मानें
- कठेला समय माता थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में हुआ था हादसा, खेलने के लिए जा रहे बालक की बाग से पोखरे तक बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आने से चली गई थी जान
तुलसियापुर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में मंगलवार को करंट की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम नफीस की मौत के मामले में पुलिस ने बाग मालिक सलाउद्दीन पर प्राथमिक दर्ज कर लिया है। मालिक ने आम के बाग के पास नंगे तारों की बाड़ लगा रखी थी, जिसकी चपेट में आने से बालक की जान चली गई। कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने मौत के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को बढ़या-कठेला मार्ग पर शव को रखकर एक घंटे तक धरना दिया। नायब तहसीलदार व प्रभारी थानाध्यक्ष के 24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर अंतिम संस्कार किया।
कठेला समय माता थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी का अमीरुल्लाह पांच वर्षीय पुत्र नफीस अहमद मंगलवार को गांव में स्थित अपने दूसरे घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुख्य मार्ग से सटे एक निजी आम के बाग के किनारे लगाए गए नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलसकर वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास के लोग तत्काल उसे पास के चौराहे पर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृत नफीस के पिता अमीरुल्लाह के कठेला थाने में बाग और पोखरा मालिक सलाउद्दीन के खिलाफ लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने इस मामले में सलाउद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सलाउद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली, लेकिन मृतक के परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। जब गिरफ्तारी नहीं हुई तो परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़या-कठेला मार्ग पर स्थित चूही ग्रांट चौराहे के पास पुल पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। लगभग एक घंटे के धरना के दौरान सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जाम की सूचना पर प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे। तुरंत ही इटवा के नायब तहसीलदार विंद्रेश गुप्ता और प्रभारी थानाध्यक्ष आनंद कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि आरोपी भाग गया है, लेकिन 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। दोनों अधिकारियों के आश्वासन के बाद लगभग एक घंटे के पश्चात परिजनों ने शव को वहां से उठाकर उसका अंतिम संस्कार किया।
इस संबंध में कठेला समय माता के प्रभारी थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के ही बाग के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 24 घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बोले जिम्मेदार
मासूम की मौत एक गंभीर घटना है। लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार की मांग पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।
- विंद्रेश गुप्ता, नायब तहसीलदार इटवा