संवाद न्यूज एजेंसी
भवानीगंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के बेवा-उतरौला मार्ग पर बुधवार सुबह धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा भवानीगंज थाना क्षेत्र की सिलोखरा चौकी से कुछ दूरी पर स्थित गौहनिया गांव के पास हुआ।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, बिहार से बहराइच जा रहा एक ट्रक धान लेकर बेवा-उतरौला मार्ग से गुजर रहा था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे जैसे ही ट्रक गौहनिया गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक बोलेरो वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ट्रक मोड़ दिया। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद बोलेरो वाहन चालक मौके से भाग निकला।
वहीं, तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आईं।