आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग
सिद्धार्थनगर। सेल टैक्स अधिवक्ताओं ने कर निर्धारण वर्ष 2022-23 व वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की। आयकर विभाग ने 31 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की है।
टैक्स बार के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि अंतिम तिथि नजदीक आते ही आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो जाता है। इसकी वजह से विभाग का सर्वर डाउन हो जाता है। इसके कारण वार्षिक सूचना विवरणी व आयकर रिटर्न विवरणी का मिलान करने में समय लग रहा है। उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य रिपुंजय सहाय का कहना है कि अंतिम तिथि के बाद आयकर रिटर्न फाइल करने पर पांच लाख तक की आय वालों के लिए एक हजार रुपये तथा पांच लाख रुपये से ऊपर की आय वालों के लिए पांच हजार रुपये विलंब शुल्क की व्यवस्था दी गई है। व्यापारियों के हित में अंतिम तिथि बढ़ानी चाहिए।