इटवा। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को ब्लॉक परिसर में दर्जनों प्रधानों ने प्रदर्शन करते हुए बीडीओ को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा ने किया।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या 26 मई को कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। प्रधानों ने यह भी मांग की कि मनरेगा और अन्य मदों के बकाया भुगतान को तत्काल जारी किया जाए। प्रधानों ने आरोप लगाया कि विभिन्न स्तरों पर उनके शोषण की स्थिति बनी हुई है, जिस पर अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। साथ ही पंचायत कार्यों में ठेकेदारी प्रथा पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष राम पारस यादव, महताब आलम, प्रेमशंकर, शोभाराम, गोवर्धन, मारूफ, भीखी, पुष्पा समेत कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।