उसका बाजार। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले करमा से कटकी तक मुख्य मार्ग की बदहाली को लेकर शनिवार को क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उसका राजा स्थित पुलिस पिकेट के पास प्रदर्शन कर लोगों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक दशक से अधिक समय से सड़क जर्जर है लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई।
लोगों के अनुसार, मदनपुर से कटकी के बीच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे आए दिन बाइक सवार और राहगीर चोटिल हो रहे हैं। जिला मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है।
प्रदर्शन में शामिल गुरु प्रसाद, पंकज अग्रहरी, राहुल दुबे, आलोक द्विवेदी, प्रमोद, व्यास, सुनील, संदीप, सूरज और आशीष अग्रहरी ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन मिले हैं।
वीरेंद्र पांडेय, अनंत मिश्र, आशीष मिश्र और शिवशंकर ने कहा कि सड़क पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है। गड्ढों के कारण वाहनों में तेज झटके लगते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है।