- व्यापारियों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिलने की जताई उम्मीद
बांसी। कस्बे के व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की अगुवाई में मंगलवार को एडीएम गौरव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने बांसी में फायर स्टेशन और नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कस्बे के आसपास कराने की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि बांसी घनी आबादी वाला प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। ऐसे में आग जैसी आपात स्थिति में त्वरित राहत के लिए कस्बे के समीप फायर स्टेशन होना जरूरी है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय कसौधन, महामंत्री भीमचंद कसौधन और बांसी तहसील अध्यक्ष मंगल चौरसिया ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि कस्बे में बड़ी संख्या में दुकानें, प्रतिष्ठान और आवासीय क्षेत्र हैं। आग लगने की स्थिति में फायर सर्विस के वाहनों को दूर से पहुंचने में समय लगता है। इससे नुकसान बढ़ने की आशंका रहती है। व्यापारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर कस्बे के आसपास सुविधाजनक भूमि चिह्नित कर आधुनिक संसाधनों से लैस फायर स्टेशन का जल्द निर्माण कराने की मांग की।
कस्बे के आसपास भूमि चिह्नित करने की मांग
व्यापारियों ने कहा कि बांसी क्षेत्र में रेलवे विस्तार, स्वीकृत माल गोदाम और प्रस्तावित शामली एक्सप्रेस के कारण परिवहन कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। ऐसे में नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए बांसी कस्बे के समीपवर्ती क्षेत्र को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। व्यापारी नेताओं ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि के सर्वेक्षण के सिलसिले में संबंधित टीम बांसी और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपलब्ध परिवहन सुविधाओं और भविष्य में बढ़ने वाली कनेक्टिविटी को देखते हुए बांसी के आसपास औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना उपयोगी साबित होगी। व्यापारियों ने प्रशासन से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सरदार स्वर्ण सिंह, नरेश चंदवानी, आकाश मिश्र समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।