संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीमावर्ती क्षेत्र में एक बार फिर यूरिया की तस्करी ने जोर पकड़ लिया है। समितियों और निजी दुकानों पर किसानों की मांग कम हुई तो तस्कर सक्रिय हो गए और एक-एक बोरी करके खरीद रहे हैं। फिर उसे बॉर्डर पार पहुंचा दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को ककरहवा बाॅर्डर से दो स्थानों से एसएसबी और मोहाना पुलिस ने 60 बोरी यूरिया बरामद की, जिसे नेपाल ले जाने के लिए रखा गया था।
सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के मुताबिक किसान जरूरत अनुसार खाद ले चुके हैं। चुनिंदा किसान ही खरीद रहे हैं, और आसानी से मिल भी जा रहा है। इसलिए तस्करों ने अपना नेटवर्क सक्रिय कर दिया है, और यूरिया मंगवाना शुरू कर दिया है। क्योंकि दूसरी सिंचाई फरवरी के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगी। ऐसे में अगर तस्करी रुकी नहीं तो दूसरी सिंचाई में किसानों को एक-एक बोरी यूरिया के लिए परेशान होना पड़ेगा और पहले जैसा हाहाकार मचेगा।
कंट्रोल बना, नहीं पहुंची एक भी शिकायत : जिले की 68 किलोमीटर सीमा नेपाल बाॅर्डर से लगती है। कुछ चुनिंदा स्थानों को छोड़ दिया जाए तो बाकी हिस्से में पूरा बाॅर्डर खुला है। चिह्नित मार्ग के साथ-साथ गैर परंपरागत मार्गों से आवाजाही होती है। दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्ते के कारण बॉर्डर खुला है, लेकिन तस्कर इसका गलत उपयोग करते चले आ रहे हैं। इसमें सीजन के साथ खाद की तस्करी बड़ी समस्या है।
खाद की तस्करी के कारण जिले में हमेशा परेशानी उठती है। जैसा नवंबर में डीएपी और दिसंबर व जनवरी के पहले सप्ताह तक यूरिया की तस्करी से एक-एक बोरी के लिए हाहाकार मचा रहा।
तस्करी रोकने के लिए बीच में पुलिस और विभाग की कार्रवाई शुरू हुई तो तस्करी के मामले थोड़ा कम हुए, लेकिन किसानों की मांग कम होते ही बाॅर्डर पर एक बार फिर तस्करी तेज हो गई, जबकि तस्करी रोकने के लिए राजस्व, कृषि और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों की टीम बनाई गई है। जिन्हें जांच करके कार्रवाई करनी थी, लेकिन पुलिस और एसएसबी को छोड़ दिया जाए तो दो विभाग की कार्रवाई नहीं दिख रही है। तस्करी रोकने के लिए कंट्रोल रूम में भी बनाया गया था, जिस पर ओवर रेटिंग और तस्करी की शिकायत कर सकेंगे।
इस पर विभाग को कार्रवाई करनी थी, लेकिन कंट्रोल पर शिकायतों की जानकारी ली गई तो पता चला कि एक भी शिकायत नहीं आई है, जबकि दो सप्ताह पहले ही कंट्रोल रूम स्थापित किया जा चुका है।