सिद्धार्थनगर। यूपी विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कहा कि इसके नाम पर कालानमक धान किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है। किसानों को वास्तविक लाभ दिलाने के लिए कालानमक को एमएसपी के दायरे में लाकर समर्थन मूल्य तय किया जाना चाहिए।
बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि कालानमक के नाम पर छह करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया जा चुका है लेकिन इसका लाभ कुछ लोगों तक ही सीमित है। सरकार को किसानों के हित में काम करना चाहिए, तभी ओडीओपी योजना का उद्देश्य पूरा होगा।
माता प्रसाद पांडेय ने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी चोरी की घटनाओं में मुकदमे दर्ज तो हो जाते हैं लेकिन खुलासा नहीं हो रहा है।
वहीं, छोटी चोरी की वारदातों में पुलिस पीड़ितों की सुनवाई नहीं करती। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पीड़ित की जगह दूसरे पक्ष पर ही कार्रवाई कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि पैमाइश का काम 30 जून के बाद बंद हो जाता है, इसके बावजूद विवाद की स्थिति पैदा करने वाले मामलों में पैमाइश कराई जा रही है।