भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पंड़िया गांव निवासी महिला की बेटी के सुसराल बस्ती में संदिग्ध हाल में मौत हो गई। वह चार दिन पहले ही बेटी के लड़के के साथ बस्ती गई थी। उसी के नाम से महिला ने करोड़ों की संपत्ति वसीयत कर दी थी। अंतिम संस्कार में पहुंचे पटीदारों ने शरीर पर चोट के निशान को देखा तो शव लेकर पड़िया गांव में चले आए और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है।
क्षेत्र के पड़िया गांव निवासी राधिका देवी (65) पत्नी रमाकांत पांडेय की शुक्रवार को बस्ती सदर के अमुरतहिया रौता में मौत हो गई। मृतका की करोड़ों की चल-अचल संपत्ति नाती (पुत्री का पुत्र) माता प्रसाद पाठक अपने नाम वसीयत कराने के बाद सेवा सत्कार करने के बहाने 16 अक्तूबर बुधवार को अपने साथ बस्ती ले गया था।
शुक्रवार को शाम करीब दो बजे पंड़िया गांव निवासी मृतका के पटीदार चंद्र किशोर पांडेय को माता प्रसाद पाठक ने फोन कर नानी की मौत की सूचना देते हुए बताया कि फिसल कर फर्श पर गिर गई और उनकी मौत हो गई। राधिका देवी के मौत की सूचना पर बस्ती पहुंचे पटीदारों ने सिर में गंभीर चोट देख शव को पड़िया गांव ले आए और हत्या की आशंका जताते हुए त्रिलोकपुर पुलिस को सूचना दी शुक्रवार को ही देर रात पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विजय शंकर सिंह ने बताया कि घटना स्थल बस्ती है, शव को पंड़िया ले आए थे इस लिए पोस्टमार्टम कराकर रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।