युवती के शव की 48 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं
शव की पहचान के लिए पुलिस नेपाल में संपर्क साध कर लगा रही है पोस्टर
कस्बे से सटे शिव मंदिर के पास पोखरे में उतराया मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। कस्बे से सटे शिव मंदिर पोखरे में मिले युवती के शव की शिनाख्त 48 घंटे बाद भी नहीं हो सकी। आसपास में पूछताछ के बाद पुलिस अब नेपाल में पोस्टर लगवाकर पहचान की कोशिश कर रही है। वहीं, युवती का शव नेपाल से आने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है।
बता दें कि शोहरतगढ़-खुनुवां बाई पास मार्ग स्थित शिव बाबा मंदिर के स्थित पोखरे में 17 जून को मंदिर के पुजारी ने एक उतराती हुई लड़की का शव देखा। शव को बाहर निकलवाने के बाद पुलिस ने पहचान की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन चौकीदारों की मदद से प्रयास किया पर कुछ हाथ नहीं लगा।
48 घंटे बाद भी पुलिस वहीं की वहीं है। शव की पहचान के लिए नेपाल में संपर्क साध रही है। पुलिस के मुताबिक एक दिन पूर्व कुछ लोगों ने खुनुवां में लड़की को घूमते हुए देखे जाने की बात बताई थी। ऐसे में संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि नेपाल से आई होगी। लिहाजा अब नेपाल के सीमावर्ती चौराहों पर पोस्टर लगावा रही है जिससे शव की पहचान हो सके। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान कराने के लिए टीम लगी हुई है।