कुशीनगर कोतवाली थाना क्षेत्र के जंगल खिरकिया गांव से गायब आदिल (2) का शव मंगलवार की सुबह घर के पास सड़क के किनारे गड्ढे के पानी में मिला। बच्चे का शव मिलने से आक्रोशित लोगों ने खिरकिया बाजार में जाम लगाकर प्रदर्शन किया। परिजन बच्चे की हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
खिरकिया गांव के फरियाद का दो साल का बेटा आदिल रविवार की शाम पांच बजे घर से खेलते हुए गायब हो गया था। बच्चे की मां, उसके चाचा और चचेरे भाइयों ने काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। बच्चे के लापता होने का पोस्टर भी जगह-जगह लगाए गए। परिजनों को आशंका थी कि किसी बच्चे का अपहरण कर लिया है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
परिजन बच्चे की तलाश कर रहे थे। इस बीच उनको जानकारी मिली कि बच्चे का शव बांसी व त्रिलोकपुर मुख मार्ग के नीचे गड्ढे के पानी में पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बच्चे की हत्या का आरोप लगाकर सड़क जाम कर दिया।
घटनास्थल पर एसडीएम महात्मा सिंह और सीओ सदर कुंदन सिंह भी पहुंचे। एसडीएम और सीओ ने घटना का खुलासा शीघ्र करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।