मोहाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 10 की घटना, पांच दिन पहले मुंबई से आया था
संवाद न्यूज एजेंसी
बर्डपुर। मोहाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 10 के शिवकोट के बाग में मंगलवार की सुबह पेड़ की डाल से दुपट्टे के सहारे युवक का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 10 टोला शिवकोट निवासी मोहित प्रजापति (28) पुत्र संतराम प्रजापति मुंबई में रहकर कार्य करता था। अभी पांच दिन पहले घर आया था। ग्रामीणों के अनुसार मोहित की मां की तबीयत खराब थी, उसी को देखने के लिए आया था। मोहित जब से घर आया था तभी से उसकी पत्नी रीना से झगड़ा हो रहा था। एक ग्रामीण के मुताबिक सोमवार की शाम को मोहित और पत्नी से बहुत झगड़ा हुआ और मारपीट भी हुई थी। उसकी मां ने बताया कि मोहित रात से ही घर से गायब था। सुबह उसकी मौत की जानकारी मिली।
ग्रामीणों के मुताबिक पति-पत्नी में किसी न किसी बात को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। मोहित का एक बेटा आयुष भी है। ग्रामीणों के अनुसार मोहित का शव जिस बाग में मिला है, उसकी घर से दूरी करीब 500 मीटर है। मोहित का शव जिस पेड़ से लटका मिला था, उसकी टहनी जमीन से लगभग 9 फिट ही ऊंची होगी। मोहित का शव जमीन से लगभग डेढ़ फिट ऊपर था। उसने दोनों पैरो में चप्पल पहना था। उसके शर्ट का काॅलर भी फंदे से टंगा था।
इस संबध में मोहाना थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
-
मोहित के मौत की पर उठ रहे सवाल
घटना स्थल की पहलुओं की बात करें तो मोहित के एक पैर में था, जबकि दूसरा नीचे गिरा था। पहले तो पेड़ पर चप्पल पहनकर चढ़ पाना टेड़ी खीर जैसी है। दूसरे अगर पहन करके चढ़ भी जाए तो जिस डाल से वह लटका था, वहां तक चप्पल पहनकर जाना पाना मुश्किल था। परिवार के मुताबिक वह पांच दिन पहले ही मुंबई से गांव आया था। मोहित ने अगर खुद ऐसा किया है तो यह बड़ा सवाल है। लोगों के गले से मौत की बात उतर नहीं रही है।