क्षेत्र के भिटिया गांव निवासी सरहना (15) पुत्री जब्बार सोमवार शाम छह बजे के करीब घर से खेत की ओर गई थी। वह जब देर रात तक घर नहीं पहुंची तो स्वजन इधर-उधर ढूंढने लगे। परिजनों ने पूरी रात इधर-उधर काफी ढूंढा पर सरहना का पता नहीं चला। परिवार के लोगों ने मंगलवार को सुबह दस बजे बांसी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। दो बजे के करीब कोई व्यक्ति शौच के लिए गांव के पश्चिम पोखरे की तरफ गया था तो देखा लड़की की लाश पड़ी है। इसकी सूचना गांव वालों को दी। मौके पर गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। शव को देखा तो सरहना के रूप में पहचान हुई।
सूचना पर पहुची बांसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब्बार को एक बेटा और आठ बेटी है। कुल नौ बच्चे हैं, जिसमें सरहना पांचवी नंबर की पुत्री थी। जब्बार घर पर ही रह कर मेहनत मजदूरी करते हैं। इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।