बयारा गांव में छात्रा सुंदरी को धनराशि देते मधुसूदन अग्रहरि।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज। अच्छे अंकों से हाईस्कूल उत्तीर्ण करने के बाद छात्रा के सामने गरीबी ने इस कदर रोड़ा डाला कि पिता ने आगे की पढ़ाई करवाने में असमर्थता जता दी। गरीब परिवार की बिटिया की पढ़ाई को आगे जारी रखने के लिए मदद में हाथ बढ़ने लगे हैं। शनिवार को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन अग्रहरि ने बयारा गांव पहुंचकर छात्रा को आर्थिक मदद प्रदान की, जिसकी बदौलत उसके आगे की पढ़ाई की राह आसान होगी। छात्रा के दाखिले और पढ़ाई का खर्च भी देने का भरोसा दिया।
वर्ष 2015 में हाईस्कूल की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण करने वाली छात्रा सुंदरी अपने पिता जयंत्री प्रसाद के साथ केवटली नानकार गांव में रहती है। हाईस्कूल परीक्षा पास होने के बाद स्कूल में कार्यक्रम के दौरान उसे सम्मानित भी किया गया था। उसके बाद उसने 11वीं कक्षा में तो जैसे-तैसे प्रवेश करवा लिया, मगर इंटरमीडिएट का परीक्षा शुल्क व किताबें खरीदने की क्षमता खो चुके उसके पिता जयंत्री प्रसाद ने उसके आगे की पढ़ाई करवाने में अपने हाथ पीछे कर लिए।
सुंदरी ने अपनी समस्या अग्रहरि समाज के पदाधिकारियों से जाहिर की। शुक्रवार की रात बयारा गांव स्थित दुर्गा मंदिर पर अग्रहरि समाज की बैठक में पहुंचे मधुसूदन अग्रहरि ने सुंदरी की समस्या का संज्ञान लेते हुए उसके इंटर तक की पढ़ाई और किताबें खरीदने के साथ ही अन्य पढ़ाई का खर्च देने का वादा करते हुए 6000 रुपये की तात्कालिक सहायता भी दी। इस दौरान शशिकांत, बंशीधर अग्रहरि, भगवंत अग्रहरि, विष्णु अग्रहरि, दुर्गाशंकर, रामउजागिर, रामकुमार, झिनकन उर्फ निक्कू अग्रहरि आदि मौजूद रहे।