सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई। चर्चित अवधी गायक संजय यदुवंशी के साथ सेल्फी लेने की होड़ में धक्का-मुक्की होते देख पुलिस ने बल प्रयोग करने का प्रयास किया तो भगदड़ मच गई। इस दौरान हुए हंगामे में 100 से ज्यादा कुर्सियां टूट गईं। उस समय तक मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे। बाद में भीड़ को शांत कराने के बाद कार्यक्रम फिर से शुरू हुआ और देर-शाम तक चला।
शाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार सपा से भाजपा में आए रामकुमार उर्फ चिनकू यादव ने शुक्रवार को होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया था। कार्यक्रम में भीड़ जुटाने और लोगों के मनोरंजन के लिए अवधी गायक संजय यदुवंशी को बुलाया गया था। करीब ढाई बजे यदुवंशी के आते ही युवा काफी उत्साहित होकर मंच की तरफ बढ़ने लगे। उनमें कुछ नौजवान सेल्फी व वीडियो बनाने की कोशिश लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब गायक संजय यदुवंशी ने अपना चर्चित गीत, “जहिया रडारे पर आ जाव तू, मार देब गोली छितरा जावा तू” गाना शुरू किया तो भीड़ बेकाबू होने लगी। युवक मंच पर चढ़ने की भी कोशिश करने लगे तो सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। मंच से दूर खदेड़ने के लिए लाठियां भांजने लगी तो कुछ लोग कुर्सियां तोड़ने लगे। बाद में माहौल शांत हुआ और देरशाम तक कार्यक्रम का लोगों ने लुत्फ उठाया।
उत्साहित थे युवा, कोई हंगामा नहीं हुआ: चिनकू
होली मिलने समारोह के आयोजक भाजपा नेता रामकुमार उर्फ चिनकू यादव ने कहा कि कार्यक्रम में युवा बहुत उत्साहित थे, जिस कारण वह कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाने लगे, जिस कारण कुर्सियां टूट गई। वहीं उत्साह में ही युवा मंच पर चढ़ने लगे, जिन्हे सुरक्षा कारणों से हटाना पड़ा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और पूरी तरह सफल रहा। बवाल होने की बात निराधार है।
सांसद ने खेली फूलों की होली, रंगारंग कार्यक्रम का लोगों ने लिया आनंद
होली मिलन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल की मौजूदगी में हजारों की संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर होली के रंगारंग आयोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली खेली गई और लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अवधी के प्रसिद्ध गायक संजय यदुवंशी ने अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को होलीमय बना दिया। उनके गीतों पर युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर होली के गीत, ढोल-नगाड़ों और तालियों की गूंज सुनाई देती रही। अंत में आयोजक रामकुमार ‘चिंकू’ यादव ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। इस दौरान अशोक अग्रहरि, रामप्रकाश जायसवाल, अज्जू सिंह, पप्पू पांडेय, दिवाकर यादव, ललित यादव, अभय राम पांडेय, सच्चिदानंद पांडेय, मोनी पांडेय आदि मौजूद रहे।