बिस्कोहर। मुहर्रम की सातवीं के अवसर पर मंगलवार को नगर पंचायत बिस्कोहर में अलम के साथ पारंपरिक जुलूस निकाला गया। दोपहर करीब तीन बजे वार्ड नंबर 12 स्थित अकरम मियां के घर से जुलूस प्रारंभ हुआ। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के “या हुसैन, या हुसैन” के नारों और ढोल-बाजों की गूंज से पूरा कस्बा गमगीन माहौल में डूबा रहा।
जुलूस बाबू पोखरा, मुख्य कस्बा, चौक रोड, शाह मोहल्ला और कसेरा मोहल्ला होते हुए पश्चिम टोला स्थित कर्बला पहुंचा। कर्बला पहुंचने पर लोगों ने फातिहा पढ़कर हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की। जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे। जुलूस मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए बताशा और खुरमा का वितरण किया गया।
वहीं, कर्बला परिसर में लगे मेले में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। मेले में सजी विभिन्न दुकानों पर महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर हरे कृष्णा उपाध्याय और चौकी प्रभारी नगर अमित कुमार शाही भारी पुलिस बल के साथ जुलूस मार्ग के विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रहे।