शाहपुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महतिनिया बुजुर्ग गांव की मालती देवी ने थाना डुमरियागंज में तहरीर देकर गांव के एक व्यक्ति पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा खेत में लगी धान की रोपाई ट्रैक्टर से जोत देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार उसके पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने उसके खेत में रोपी गई धान की पौधे और पास में तैयार धान की नर्सरी (बेहन) को ट्रैक्टर से जोत दिया। विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है, जिसकी प्राथमिकी थाने में दर्ज है। इस संबंध में इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-