पथरा। पथरा के बनकटा गांव में सोमवार की शाम शौच को निकले युवक की मंगलवार की सुबह गांव से दो किलोमीटर दूर पथरा बांध पर झाड़ियों मेें लाश मिली। युवक के शरीर पर जख्म के निशान थे।
इसे देख कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक की मां ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी इनसान अली का पुत्र मोहम्मद वसीम (22) सोमवार की शाम को घर से बाहर शौच के लिए निकला था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो उसकी मां वजीफा ने पड़ोस के अन्य लोगों के साथ खोजबीन शुरू कर दी।
लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार की सुबह पथरा बांध के पास कुछ लोगों ने झाड़ियों में एक युवक की खून से लथपथ लाश देखी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
इस बीच मृतक की मां भी मौके पर पहुंच गई और शव की पहचान अपने पुत्र वसीम के रूप में की। हाथ व शरीर के कई हिस्से में गंभीर जख्म थे। मोबाइल व टार्च पास में पड़ा हुआ था। मौके मौजूद हर शख्स के जुबां से यही निकल रहा था कि किसी ने वसीम की बेरहमी से हत्या कर लाश को झाड़ियों में फेंक दिया है।
सूचना पर सीओ डुमरियागंज जटाशंकर राव व थानाध्यक्ष पथरा बाजार रवींद्र पांडेय मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रवींद्र पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।