कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खखरा में रविवार को संदिग्ध हाल में झुलसने से विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। विवाहिता के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है। देर शाम तक कोई तहरीर नहीं मिली थी।
खखरा गांव निवासी लक्ष्मण का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व कोल्हुई गांव निवासी सरिता (25) के साथ हुआ था। विवाह के बाद उन्हें एक पुत्री भी हुई। पति पंजाब में नौकरी करता है। रविवार को परिवार के सदस्य बाहर थे। कमरे में दुंधमुही बच्ची के साथ सरिता ही मौजूद थी। दोपहर करीब एक बजे अचानक वह जलने लगी। चीख-पुकार सुनकर घर वाले मौके पर पहुंचे तो आग की लपटों में सरिता पूरी तरह घिरी हुई थी। किसी तरह आग बुझाई गई, लेकिन तब तक सरिता की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची लोटन पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह के मुताबिक मायके वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।