पुलिस की वर्दी में घर में घुसकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लूट के सामान व अवैध असलहे बरामद किए हैं। इस गिरोह ने पिछले दिनों जिले के कपिलवस्तु और सदर थाना क्षेत्र में लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। बंजारा जाति के इन बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को गोपीजोत पुलिया के पास से मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन सभागार में बदमाशों को मीडिया के समक्ष पेश करते हुए एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि मोहाना थाना क्षेत्र के गोपीजोत गांव निवासी अब्दुल गनी, अजीमउल्ला व श्याम प्रकाश सोनकर गिरोह बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
खाकी वर्दी पहनकर यह बदमाश खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर दरवाजा खोलवाते थे और फिर घर के सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट करते थे। बीते 9-10 अप्रैल की रात कपिलवस्तु के महदेइयां और 12-13 अप्रैल की रात सदर थाना क्षेत्र के देवपुर ग्रांट में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था।
इन मामलों की छानबीन के लिए कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी एसके सरोज व स्वाट टीम को लगाया गया था। बुधवार की सुबह मुखबिर ने गोपीजोत पुलिया के पास इन बदमाशों के होने की सूचना दी। नाकेबंदी कर पुलिस टीम ने इन बदमाशों को दबोच लिया। पकड़ा गया अब्दुल गनी वर्ष 2009 में बर्डपुर में हुई सीताराम की हत्या व डकैती मामले में भी आरोपी रहा है।