नमाज पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे के बाद बेकाबू कार कुछ आगे जाकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। मौके पर पहुंचे आस-पास के लोगों ने घायलों को बेंवा सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस केे सुपुर्द कर दिया है। कार सवार दो अन्य युवक फरार हो गए। चालक नशे में धुत बताया जा रहा है। घटना शनिवार की देर शाम औसानकुइंया गांव की है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के औसानकुइयां गांव निवासी वहीद का पुत्र असजद (10) और सरवर का पुत्र जिशान (10) शनिवार की देर शाम एक साथ गांव के पास सड़क किनारे बनी मस्जिद में नमाज पढने जा रहे थे। अभी दोनों घर से बाहर गांव की सड़क पर कुछ ही दूर आए थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। बच्चों को कुचलते हुए कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसा देख वहां मौजूद लोगों ने दौड़कर सड़क पर गिरे बच्चों को बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देख बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बस्ती से उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेज दिया गया।
उधर, औसानकुइयां गांव के लोग खाई में गिरी कार के पास गए, लेकिन तब तक उसमें सवार दो लोग भाग निकले। ग्रामीणों ने चालक को गाड़ी से बाहर निकाला। ग्रामीणों के मुताबिक चालक नशे में धुत था। उसने अपना नाम-पता भी नहीं बताया। ग्रामीणों ने चालक को मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में डुमरियागंज प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पूछने पर पता चला कि घायल बच्चों को इलाज के लिए ले जाया गया है। गिरफ्तारी के बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते। कोई लिखित शिकायत हमें नहीं मिली है।