बांसी। कोतवाली क्षेत्र के बांसी- इटवा मार्ग पर स्थित बेलबनवा गांव के पास शनिवार की सुबह बाइक सवार को बचाते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बालिका की मौत हो गई, जबकि 19 लोग जख्मी हो गए। सभी लोग ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल होने बांसी आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों में आठ लोंगो की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि 10 लोगों का बांसी पीएचसी में उपचार हो रहा है।
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के दसिया गांव से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर काफी संख्या में बच्चे व वृद्ध जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जलूस में शामिल होने के लिए बांसी आ रहे थे। बताया जा रहा है कि अभी जुलूस बांसी- इटवा मार्ग पर स्थित बेलबनवा गांव के पास पहुंचा था कि अचानक एक बाइक सामने आ गई, जिसे बचाने के लिए चालक ने ट्रैक्टर को घुमा दिया। जिससे वाहन पलट गया। हादसे में ट्रॉली में सवार दस वर्षीय सब्बी पुत्री असगर अली निवासी बेलघटिया थाना मिश्रौलिया जो दसिया अपने ननिहाल में आई थी।
उसकी मौके पर मौत हो गई। जिसे परिजन घर लेकर चले गए। वहीं, हादसे में ट्रॉली में फैजान (10) मंतशा 14, मेहनाज 12, गुलाम नजीर 16, मो. इद्रीश 55, शामिउल्लाह 22, मो. आफताब 8, रहिसुल आलम 48, हसन 13, शाहिदा 8, हस्रुन्निशा 40, सुबेतारा 6, नूर शमा 11, साबिरा 58, नूर अफसा 10, आलिया 6, हरिमुल्लाह 72, सलमान 14 सभी दसिया के निवासी है तथा शहजाद 14 जो चेतिया का निवासी हैं घायल हो गया। तत्काल गांववालों ने 108 एंबुलेंस सेवा व यूपी- 100 पर फोन कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एंबुलेंस व यूपी- 100 के वाहन पर घायलों को लादकर प्राथमिक स्वास्थ्य के बांसी लाया गया। जहां सभी का इलाज करने के बाद गंभीर रूप से घायल मंतशा, शामिउल्लाह, हसन, सलमान, हस्रुन्निशा सहित आठ लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य सभी का बांसी में उपचार हो रहा है।