बांसी। नगर में किराए पर रह रही एक शिक्षिका के कमरे से शनिवार की रात एक युवक को लोगों ने संदिग्ध हाल में पकड़ लिया। पहले जमकर उसकी धुनाई की, फिर पीटते हुए थाने ले गए। लोगों द्वारा युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जबकि किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि मामले की छानबीन की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एक शिक्षिका एक सरकारी स्कूल में तैनात है। वह नगर के एक मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर अकेली रहती है। नगर के ही उस युवक का शिक्षिका के घर पर अक्सर आना-जाना लगा रहता था। शनिवार की रात वह युवक उसके कमरे मेें घुसने लगा। उसकी मंशा भांप मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए। युवक को संदिग्ध हाल में देख लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। कमरे से बाहर निकाल उसे पीटते हुए थाने ले गए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। बताया जा रहा है कि शिक्षिका विवाहित है और उसका पति भी कहीं दूसरी जगह नौकरी कर रहा है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि मोहल्लावासियों ने एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।